बैकुंठपुर/चरचा। कोरिया जिले के थाना चरचा क्षेत्र की व्हीटीसी कॉलोनी में बंद मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात व्हीटीसी कॉलोनी चरचा निवासी तन्मय भण्डारी के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। घटना के समय भण्डारी अपने परिवार के साथ अपने गृहग्राम दुर्गापुर, आसनसोल (पश्चिम बंगाल) गए हुए थे। 23 अगस्त को पड़ोसी रमेश कुमार ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी।
घर लौटने पर भण्डारी ने देखा कि मकान के दरवाजे की सांकल निकली हुई थी और अंदर आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने का हार, कंगन, कान की बालियां, अंगूठियां, मांग टीका, बच्चे का लॉकेट, चांदी का कड़ा, पायल और कमरबंद समेत करीब 2.99 लाख रुपये के जेवर चोरी हो चुके थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 126/2026, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना से खुली चोरी की कड़ी
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा और एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 5 हजार रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन सिम सहित जब्त किया गया।
चोरी के जेवर पहुंचे पटना, 4.92 लाख का माल बरामद
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बिक्री के लिए अक्षय बसोर निवासी ग्राम सलका को दिए गए थे। अक्षय ने इन जेवरों को पटना निवासी सतेन्द्र सोनी के पास बेच दिया था।
पुलिस के अनुसार, जेवरों के बदले सतेन्द्र सोनी ने आरोपियों को 1 लाख 33 हजार रुपये दिए थे। इसमें से 56,700 रुपये अपचारी बालक को मिले, जबकि शेष रकम हर्षवर्धन के पास थी। खर्च के बाद बची 4,380 रुपये की नगदी भी पुलिस ने जब्त की।
सतेन्द्र सोनी के कब्जे से पुलिस ने दो सोने की अंगूठियां, दो कान की बालियां, लॉकेट तथा गला हुआ सोना और चांदी बरामद की। बरामद सोने का कुल वजन करीब 29.91 ग्राम तथा चांदी का वजन करीब 177 ग्राम बताया गया है। बरामद सोने-चांदी की कुल अनुमानित कीमत 4,92,300 रुपये है।
चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

इस मामले में पुलिस ने
हर्षवर्धन शर्मा, पिता दुर्गा शर्मा, उम्र 18 वर्ष 9 माह, निवासी व्हीटीसी कॉलोनी चरचा
अक्षय बसोर, पिता स्व. चिरंजीव प्रसाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सलका, थाना बैकुंठपुर
सत्येन्द्र सोनी, पिता स्व. धनुषधारी प्रसाद सोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी बाजारपारा पटना, थाना पटना
एक अपचारी बालक
को मामले में आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी के मामले के खुलासे, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, आरक्षक अमित त्रिपाठी, बृजेश सिंह, प्रभुनारायण तथा साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे और विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता और थाना चरचा एवं साइबर सेल की समन्वित कार्रवाई से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा होने पर पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें : एसपी
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने जिलेवासियों से अपील की है कि चोरी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम में आमजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि थाना चरचा पुलिस द्वारा चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
