एमसीबी/मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर पिछले कई महीनों से जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने 12 जुलाई 2026 को लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी कर दिया है। इसके साथ ही गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की अनुमति मिल गई है।
मेडिकल कॉलेज की अनुमति को लेकर कांग्रेस द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। इस पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने विश्वास जताते हुए कहा था— “कांग्रेस ज्यादा खुश न हो... पिक्चर अभी बाकी है।” अब NMC की अनुमति के बाद उनके इस बयान की राजनीतिक हलकों में फिर चर्चा है।
NMC ने आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट, दस्तावेजों, आधारभूत संरचना, फैकल्टी और अन्य निर्धारित मानकों की जांच के बाद कॉलेज को अनुमति प्रदान की है। कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ से संबद्ध रहेगा।
इस मंजूरी से एमसीबी जिले सहित सरगुजा संभाग और आसपास के विद्यार्थियों को क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
NMC के आधिकारिक अनुमति पत्र के बाद मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। इसे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के दावे और राज्य सरकार की तैयारियों पर आधिकारिक मुहर के रूप में देखा जा रहा है।
