मनेन्द्रगढ़। जिले में प्रस्तावित नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मान्यता दिलाने के लिए आयोग की तीन सदस्यीय निरीक्षण टीम ने मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर कॉलेज परिसर और उससे संबद्ध अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कॉलेज के भवन, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, पुस्तकालय, फैकल्टी एवं स्टाफ की उपलब्धता सहित अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही कॉलेज प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।
कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया कि एनएमसी के निर्धारित प्रारूप के अनुसार सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेज टीम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। निरीक्षण के बाद टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कमीशन को सौंपेगी, जिसके आधार पर कॉलेज को मान्यता देने संबंधी अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
माना जा रहा है कि यदि निरीक्षण रिपोर्ट सकारात्मक रहती है तो आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इससे न केवल जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
बाइट – डॉ. रजना, डीन, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़"एनएमसी की टीम द्वारा कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया जा रहा है। सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। निरीक्षण रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। हमें पूरी उम्मीद है कि आवश्यक अनुमति मिलने के बाद आगामी सत्र से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो सकेगी।"
प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद है कि लंबे समय से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग इस बार पूरी होगी और मनेन्द्रगढ़ को नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात मिल जाएगी
