📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

MCB पुलिस की तकनीकी जांच से जशपुर में 552 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 16, 20263 min read52 views
MCB पुलिस की तकनीकी जांच से जशपुर में 552 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

मनेंद्रगढ़/एमसीबी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की तकनीकी जांच और सटीक इनपुट के आधार पर जशपुर पुलिस ने 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई ने प्रदेश में सक्रिय तस्करी गिरोह की जड़ों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।

पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (IPS) के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ लगातार अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर तकनीकी निगरानी रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि 5 जून 2026 को MCB जिले में दो मारुति डिजायर कारों (क्रमांक OD14V4713 एवं OD15R8100) से कुल 556 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। इस मामले की विवेचना के दौरान साइबर सेल ने मोबाइल, डिजिटल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिनसे अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के संचालन और उसके सदस्यों के संबंध में अहम जानकारी प्राप्त हुई।

विवेचना के दौरान मिले इन सटीक तकनीकी इनपुट को जशपुर पुलिस के साथ साझा किया गया। MCB पुलिस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने 14 जुलाई 2026 को बगीचा एवं नारायणपुर क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई कर लगभग 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया तथा तस्करी में संलिप्त गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अंतर्राज्यीय गिरोह उड़ीसा से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा लाकर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, उपयोग किए गए वाहनों, वित्तीय लेन-देन तथा तस्करी के रूट की गहन जांच कर रही है। इसके लिए संबंधित राज्यों की पुलिस एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध तकनीक आधारित एवं समन्वित कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को चिन्हित कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा तथा सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

MCB पुलिस की इस तकनीकी एवं समन्वित कार्रवाई को अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →