📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण: फरार तीन आरोपियों की सूचना देने पर ₹5 हजार का इनाम घोषित

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 10, 20262 min read80 views
पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण: फरार तीन आरोपियों की सूचना देने पर ₹5 हजार का इनाम घोषित

बैकुण्ठपुर (कोरिया), 10 जुलाई 2026। बहुचर्चित नाबालिग पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने पुलिस रेग्युलेशन में निहित प्रावधानों के तहत फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹5,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को प्रार्थी शिवनाथ पैकरा, निवासी पुलिस लाइन बैकुण्ठपुर, ने थाना बैकुण्ठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री कुमारी पूजा पैकरा पर आईसी मार्ट में चोरी का आरोप लगाया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उससे ₹50,000 की मांग की, उसकी स्कूटी छीन ली तथा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस कथित प्रताड़ना से आहत होकर नाबालिग बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107, 308(2), 309(4), 296 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(V) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस द्वारा नामजद किए गए आरोपी हैं

विनोद बैद, पिता स्व. इन्द्रचंद बैद (उम्र लगभग 50 वर्ष)

जगत कुमार बैद, पिता स्व. इन्द्रचंद बैद (उम्र लगभग 55 वर्ष)

दीपक बैद, पिता जगत कुमार बैद (उम्र लगभग 30 वर्ष)

तीनों आरोपी कुमार चौक, बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया के निवासी हैं और घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर उनके संभावित ठिकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले को ₹5,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

सूचना देने हेतु संपर्क नंबर:

पुलिस अधीक्षक, जिला कोरिया – 9479193700

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, बैकुण्ठपुर – 9479193704

थाना प्रभारी, आजाक थाना बैकुण्ठपुर – 9479193705

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →