मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा, उल्लास और प्रेम के साथ मना करवा चौथ का पर्व, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

पम्मी अरोड़ा के निवास पर 26वें वर्ष भी निभाई गई सामूहिक पूजा की परंपरा, दुर्गा मंदिर और टी.वी. टावर रोड पर भी उमड़ा महिलाओं का उत्साह; मौसम खराब होने से मोबाइल पर चांद के दर्शन कर खोला व्रत

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: मनेन्द्रगढ़

3 min read13 views
मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा, उल्लास और प्रेम के साथ मना करवा चौथ का पर्व, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

मनेंद्रगढ़। प्रेम, आस्था, विश्वास और दांपत्य जीवन में समर्पण का प्रतीक करवा चौथ का महापर्व गुरुवार को मनेंद्रगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना की। पर्व को लेकर महिलाओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों, सोलह श्रृंगार और हाथों में सजी मेहंदी के साथ महिलाओं ने इस पर्व को विशेष अंदाज में मनाया।

WE क्लब की पम्मी अरोड़ा के निवास पर 26वें वर्ष भी निभाई गई सामूहिक पूजा की परंपरा

करवा चौथ के अवसर पर WE क्लब की वरिष्ठ पदाधिकारी पम्मी अरोड़ा के वार्ड क्रमांक 9 स्थित निवास पर लगातार 26वें वर्ष भी सामूहिक करवा चौथ पूजा का आयोजन परंपरागत रूप से किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों की सुहागिन महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। पंडित पिंटू त्रिपाठी ने विधि-विधान के साथ करवा माता की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा कर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।

इस अवसर पर नीलम एलाबादी, सुप्रिया, प्रिया शाह, सिमरन गंभीर, शिवांगी, दीक्षा, रितु दुआ, अनुष्का दुआ, रिचा दुआ, ममता सोनी, स्वीटी, सुषमा मिनोचा, गुड़िया, रूबी, बेबी अरोड़ा, हैप्पी अरोड़ा, अनीता दुआ, श्वेता चावला और सिमरन अरोड़ा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा, उल्लास और प्रेम के साथ मना करवा चौथ का पर्व, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत (2)

दुर्गा मंदिर में गूंजे करवा माता के जयकारे, सुनी व्रत कथा

वहीं टी.वी. टावर रोड क्षेत्र में भी करवा चौथ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया। महिलाओं ने दुर्गा मंदिर में एकत्रित होकर करवा माता की पूजा-अर्चना की तथा पंडित जी के मुखारविंद से व्रत कथा का श्रवण किया। घरों में भी पूजा की विशेष तैयारियां की गई थीं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और चंद्रदेव की पूजा का विशेष महत्व है।

परंपरा के अनुसार महिलाओं ने सुबह सरगी ग्रहण कर निर्जला व्रत की शुरुआत की और दिनभर बिना अन्न-जल ग्रहण किए पति की लंबी उम्र तथा सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।

मौसम ने डाला चांदनी रात में खलल, मोबाइल पर चांद देखकर खोला व्रत

मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा, उल्लास और प्रेम के साथ मना करवा चौथ का पर्व, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत (2)

दिनभर व्रत रखने के बाद शाम से ही महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन का बेसब्री से इंतजार रहा। हालांकि मौसम खराब होने के कारण मनेंद्रगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में चंद्रमा के स्पष्ट दर्शन नहीं हो सके। ऐसे में महिलाओं ने धार्मिक आस्था के अनुरूप भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान चंद्रमा का स्मरण किया। कई महिलाओं ने पूजा की थाली में चंद्रमा का प्रतीक बनाकर तथा देश के अलग-अलग शहरों से परिचितों द्वारा व्हाट्सएप पर भेजे गए चंद्रमा के दर्शन के माध्यम से अपना व्रत पूर्ण किया।

जहां चंद्रमा के दर्शन हुए, वहां महिलाओं ने छलनी से पहले चंद्रदेव और फिर अपने पति का चेहरा देखकर चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद पतियों के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोला। इस अवसर पर पतियों ने भी अपनी जीवनसंगिनियों को उपहार भेंट कर उनके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।

प्रेम, विश्वास और समर्पण का अनूठा पर्व

करवा चौथ केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास, आपसी समझ और समर्पण के रिश्ते को और मजबूत करने वाला पर्व भी है। मनेंद्रगढ़ में WE क्लब की पम्मी अरोड़ा के निवास पर 26 वर्षों से चली आ रही सामूहिक पूजा की परंपरा सहित विभिन्न स्थानों पर हुए धार्मिक आयोजनों ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया। इस तरह मौसम की बाधाओं के बावजूद महिलाओं ने अटूट आस्था, उत्साह और पारिवारिक उल्लास के साथ करवा चौथ का महापर्व मनाया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: मनेन्द्रगढ़

सभी लेख देखें →