एमसीबी/मनेन्द्रगढ़, 29 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार वर्ष 2023-24 के लिए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले की ग्राम पंचायत घुटरा का नामांकन ‘बाल हितैषी पंचायत’ थीम के अंतर्गत किया गया है। इसी क्रम में पंचायती राज मंत्रालय, नई दिल्ली और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी), हैदराबाद की संयुक्त केंद्रीय टीम ने ग्राम पंचायत घुटरा पहुंचकर विभिन्न संस्थानों का भौतिक निरीक्षण किया और संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया।
केंद्रीय टीम में पंचायती राज मंत्रालय के सीनियर पीपीएस सुरिंदर कुमार शर्मा एवं एनआईआरडी, हैदराबाद की कंसल्टेंट निशा बारी परनामी शामिल रहीं। टीम ने पंचायत क्षेत्र में संचालित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों की जमीनी स्थिति को परखा।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं विभिन्न विद्यालयों में संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया गया। टीम ने विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली सिंह सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिक्षक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में घुटरा की पहल

ग्राम पंचायत घुटरा का राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए ‘बाल हितैषी पंचायत’ थीम में नामांकन एमसीबी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। केंद्रीय टीम का यह दौरा पुरस्कार की मूल्यांकन प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। इसके माध्यम से पंचायत में बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्ध सुविधाओं का वास्तविक धरातल पर सत्यापन किया जा रहा है। अब सभी की निगाहें पुरस्कार की आगामी मूल्यांकन प्रक्रिया और परिणाम पर टिकी हैं।
