बैकुंठपुर (कोरिया)। जमदुआरी घाट में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद घायलों का हाल जानने पूर्व विधायक गुलाब कमरो अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचे। यहां उन्होंने खोंगापानी के कोल दफाई निवासी घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पूर्व विधायक कमरो ने अस्पताल में चिकित्सकों से मुलाकात की और दूरभाष के माध्यम से भी चर्चा कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने पर जोर देते हुए शासन-प्रशासन से दुर्घटना में प्रभावित पीड़ितों तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की।
हादसे के बीच 6 वर्षीय ज्ञानवी ने दिखाई हिम्मत और समझदारी

इस दुर्घटना के बीच छह वर्षीय बच्ची ज्ञानवी की सूझबूझ और तत्परता भी चर्चा का विषय रही। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में मौजूद ज्ञानवी ने समय रहते मोबाइल फोन के माध्यम से अपने परिजनों को हादसे की सूचना दी। बच्ची की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंच सके।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने बच्ची ज्ञानवी से मुलाकात कर उसकी हिम्मत, समझदारी और समय पर उठाए गए कदम की सराहना की। इतनी कम उम्र में विपरीत परिस्थिति के बीच साहस और सूझबूझ दिखाने वाली बच्ची की तत्परता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

पीड़ित परिवारों को राहत देने की मांग
हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता का विषय है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने शासन-प्रशासन से घायलों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के साथ मृतकों के परिजनों एवं अन्य प्रभावितों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की, ताकि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता मिल सके।
