दिनदहाड़े घर में चोरी का प्रयास, ग्रामीणों ने बाइक सवार दो युवकों को दबोचा

केल्हारी पुलिस ने आरोपियों का मुख्य बाजार में निकाला परेड, ‘चोरी करना पाप है’ कहलवाते वीडियो आया सामने

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

3 min read179 views
दिनदहाड़े घर में चोरी का प्रयास, ग्रामीणों ने बाइक सवार दो युवकों को दबोचा

एमसीबी/केल्हारी। केल्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम मौहरी में दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। महिला के शोर मचाने पर भाग रहे दो युवकों का ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

घर में घुसे, कांसे की बटकी चोरी करने का प्रयास

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार ग्राम मौहरी निवासी राजकुमारी सिंह पति जमला सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, ने बताया कि 4 अक्टूबर को उसकी मां सब्जी तोड़ने के लिए घर से बाहर गई थी। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस घर पहुंची तो उसने देखा कि दो अज्ञात युवक घर के अंदर मौजूद थे और सामान तलाश रहे थे।

शिकायत के मुताबिक दोनों युवक घर से कांसे की बटकी चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। महिला को देखते ही दोनों युवक घर से बाहर निकलकर भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बाइक से भागे, ग्रामीणों ने पीछा कर दबोचा

दोनों युवक मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीण दोनों युवकों को पुलिस थाना लेकर पहुंचे।

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सेनसाय और अनिल बंसल ताया। दोनों ग्राम रोकड़ा के निवासी बताए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि यदि वह समय पर घर नहीं पहुंचती और शोर नहीं मचाती तो आरोपी घर से सामान लेकर फरार हो सकते थे। महिला ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दिनदहाड़े घर में चोरी का प्रयास, ग्रामीणों ने बाइक सवार दो युवकों को दबोचा (2)

*पुलिस ने शुरू की जांच*

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक पीयूष एक्का को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों से पूछताछ सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना से ग्रामीणों में नाराजगी

दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी के प्रयास की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा चोरी जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बाजार में कराया परेड, ‘चोरी करना पाप है’ कहते दिखे आरोपी

घटना के बाद केल्हारी पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों का मुख्य बाजार में परेड कराया गया। इस दौरान आरोपियों से अपराध से दूर रहने और “चोरी करना पाप है” कहते हुए तौबा कराने का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आम लोगों में सुरक्षा का संदेश देने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →