हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

XUV 3XO से करते थे रेकी और डीजल चोरी, 260 लीटर डीजल चोरी की वारदात का खुलासा; दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

4 min read80 views
हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोरिया। हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कोरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चरचा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की महिंद्रा XUV 3XO, विभिन्न क्षमता के जरीकेन तथा करीब 10 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस को देखकर आरोपी के दो साथी जंगल की आड़ लेकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक कोरिया हरिश राठौर, भा.पु.से. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं उप पुलिस अधीक्षक मोहसीन खान के मार्गदर्शन में थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की थी। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।

पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से उड़ाया था 260 लीटर डीजल

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सौरभ घोष, निवासी भैंसा दफाई, हल्दीबाड़ी चिरमिरी, के ट्रक क्रमांक CG 04 NN 7001 को चालक पवन बहादुर सोनी सतना से गेहूं लोड कर भुवनेश्वर ले जा रहा था। 24 सितंबर 2026 को ट्रक में करीब 352 लीटर डीजल भरवाया गया था।

25 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे ग्राम नगर के पास ट्रक खराब होने पर उसे उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप में सुरक्षित खड़ा किया गया था। ट्रक की निगरानी के लिए क्लीनर दीपक को वहीं छोड़ा गया था। इसी दौरान 25-26 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात आरोपियों ने ट्रक की टंकी से करीब 260 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत 26,520 रुपये है, चोरी कर लिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

CCTV और मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान बिजुरी-कोतमा क्षेत्र से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस ने संदिग्ध वाहन और आरोपियों के हुलिये की जानकारी अपने मुखबिर तंत्र को देकर निगरानी बढ़ा दी।

इसी बीच 2 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध हुलिये वाली एक सफेद कार ग्राम नगर के पहाड़पारा में खड़ी है और उसमें तीन लोग सवार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखते ही दो आरोपी जंगल में भागे

पुलिस को आता देखकर कार में सवार दो व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकले। वहीं ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति XUV 3XO लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से वाहन की घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार (2)

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कालिका प्रसाद लोनी (42 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) बताया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों दीपक लोनी एवं कामता लोनी के साथ XUV कार से उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का डीजल ग्राम जरीयारी, थाना जैतहरी निवासी मथुरा प्रजापति को बेचा गया था।

XUV सहित जरीकेन और चोरी का डीजल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया

सफेद रंग की महिंद्रा XUV 3XO क्रमांक CG 15 EK 6026

50 लीटर क्षमता का नीला जरीकेन

30 लीटर क्षमता का नीला जरीकेन

30 लीटर क्षमता का एक अन्य जरीकेन

20 लीटर क्षमता का सफेद जरीकेन

जरीकेन में भरा करीब 10 लीटर डीजल

गिरफ्तार आरोपी कालिका प्रसाद लोनी, पिता पूरन लाल लोनी, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम सिलपुर, पोस्ट लामाटोला, तहसील एवं थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ ही पुलिस मामले में चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पूरी कार्रवाई में थाना चरचा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →