तकनीक के सहारे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे दृष्टिबाधित विद्यार्थी

आमाखेरवा नेत्रहीन विद्यालय में दिव्यांगजन मूल्यांकन शिविर आयोजित, ब्लाइंड टैब, स्मार्टफोन एवं स्मार्ट केन के लिए पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read26 views
तकनीक के सहारे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे दृष्टिबाधित विद्यार्थी

एमसीबी/03 अक्टूबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा 03 अक्टूबर को नेत्रहीन विद्यालय, आमाखेरवा में एक दिवसीय विशेष दिव्यांगजन मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार आधुनिक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा, संचार और दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग प्रदान करना रहा।

समाज कल्याण विभाग से अनुदान प्राप्त नेत्रहीन विद्यालय में आयोजित इस शिविर में एलिमको (ALIMCO), कानपुर तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं का उनकी पात्रता एवं आवश्यकताओं के अनुरूप विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

मूल्यांकन के उपरांत पात्र विद्यार्थियों को आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की गई। इनमें ब्लाइंड टैब (Blind Tab) के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को सुगम बनाने, स्मार्टफोन के जरिए आधुनिक संचार एवं पठन-पाठन को आसान बनाने तथा स्मार्ट केन/ब्रेल केन एवं सेंसर आधारित उपकरणों के माध्यम से सुरक्षित एवं स्वतंत्र आवाजाही में सहायता प्रदान करने वाले उपकरण शामिल हैं।

तकनीक के सहारे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे दृष्टिबाधित विद्यार्थी (2)

शिविर के दौरान अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोल रही है। ऐसे मूल्यांकन शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों की वास्तविक जरूरतों की पहचान कर उन्हें उपयुक्त सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति मिलती है। इससे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने, तकनीक का उपयोग करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

शिविर में पहुंचे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए समाज कल्याण विभाग एवं एलिमको, कानपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में सुविधा बढ़ेगी तथा उनमें आत्मनिर्भरता का भाव मजबूत होगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →