मनेन्द्रगढ़। शासकीय हाई स्कूल पिपरिया में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या सुष्मिता सोलोमन ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान विद्यालय परिसर में बापू के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, मधुर गायन एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और उनके विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कक्षा 10वीं के छात्र मनीष ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके संघर्षों पर प्रेरणादायक निबंध प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की। वहीं कक्षा 8वीं की छात्रा कु. मनु ने स्वच्छता के महत्व पर शानदार प्रस्तुति देकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संगीता तिवारी ने किया। अपने उद्बोधन में प्राचार्या सुष्मिता सोलोमन ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके ‘सत्य और अहिंसा’ के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बापू के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

मानव श्रृंखला से दिया स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय परिसर में बनाई गई विशाल मानव श्रृंखला रही। मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता एवं शिक्षक उषाकिरण सिंह, अबुल कमर, कदम कुंवर, राजेश चौधरी, मेरी कलरेंट बैक और गौरी शंकर सिंह सहित समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन किया गया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।
