मनेन्द्रगढ़। पोषण माह के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 10 एवं 11 में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पोषण जागरूकता के साथ वार्ड विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिला प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के साथ गर्भवती व शिशुवती माताओं, हितग्राहियों तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों में पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं और वार्ड विकास से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना रहा।
पोषण जागरूकता के साथ वार्ड विकास पर चर्चा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद नीलू जायसवाल रहीं। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद मुकेश कुमार अग्रवाल, एल्डरमैन मनप्रीत कौर रैना, महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजना विश्वकर्मा, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष कला बाई, पार्षद ओम प्रकाश जायसवाल, वार्ड क्रमांक 7 के रवि जैन, पूनम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 के हितग्राहियों, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा बच्चों ने भाग लिया। वहीं वार्ड क्रमांक 13 की नगर पालिका कार्यकर्ता सरोज वैश्य, सहायिका किरण वैश्य, वार्ड क्रमांक 14 की सहायिका प्रेमा गुप्ता, वार्ड क्रमांक 10 की प्रभारी कार्यकर्ता प्रेम शीला केशरवानी, वार्ड क्रमांक 11 की कार्यकर्ता शारदा ताम्रकार एवं सहायिका शकुंतला केवट सहित आंगनबाड़ी से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रेम शीला केशरवानी ने प्रथम तथा प्रेमा गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने तथा महिलाओं एवं परिवारों को संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

नागरिक समस्याओं के समाधान पर भी रहा जोर
कार्यक्रम में पोषण और स्वास्थ्य के साथ वार्डों की स्थानीय समस्याओं, नागरिक सुविधाओं तथा विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने तथा उनके निराकरण के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रयास जारी रखने की बात कही।
वार्ड क्रमांक 7, 10, 11, 13 एवं 14 से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता से कार्यक्रम में पोषण जागरूकता, महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा जनहित के मुद्दों को एक साझा मंच मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी से जुड़े सदस्यों ने महिला-बाल स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और वार्ड विकास के कार्यों में मिलकर सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया। आंगन मिलन कार्यक्रम ने पोषण संदेश को जनभागीदारी और स्थानीय विकास के मुद्दों से जोड़ते हुए सकारात्मक संवाद का वातावरण तैयार किया।
