चिरमिरी/एमसीबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को नगर पालिक निगम चिरमिरी के सभागार में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए और सफाई मित्रों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा।
शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर के दौरान संचालित गतिविधियों और सफाई मित्रों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उनकी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में प्रतिदिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का ध्यान रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
स्वच्छता कर्मियों के कल्याण पर जोर

शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को उनके कार्य के प्रति सम्मान देने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने भी सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
