एमसीबी, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह 2026 के तहत ग्राम चैनपुर के ग्राम पंचायत भवन में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्योता भोज, अन्नदान, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता, खिलौना दान और हर घर मुनगा अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से सुपोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में चैनपुर सरपंच मीना कुमारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास मनेंद्रगढ़ शशि जायसवाल, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक आरती टोप्पो, उपसरपंच मदन सिंह तथा पंच अकरम, कोमल प्रसाद, राजकुमारी, हीराकली एवं बबली उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना मनेंद्रगढ़ ग्रामीण की पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ ही महिलाओं, बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं से संवाद कर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जा रही हैं।
न्योता भोज और अन्नदान से दिया सुपोषण का संदेश
ग्राम पंचायत भवन परिसर में आयोजित न्योता भोज में 25 बच्चों को भोजन कराया गया, वहीं ‘अन्न दान महादान’ पहल के तहत 20 गर्भवती महिलाओं को भोजन कराया गया। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में चयनित बच्चों के पालकों को 5 सुपोषण टोकरी प्रदान की गईं।

इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से संवाद करते हुए 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया। परियोजना अधिकारी शशि जायसवाल ने महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि शुभ अवसरों पर नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में ‘न्योता भोज’ आयोजित कर बच्चों के साथ खुशियां साझा की जा सकती हैं। साथ ही कुपोषित बच्चों के उपचार एवं पोषण सुधार के लिए चिरमिरी में विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है, जहां पात्र कुपोषित बच्चों को शासन की ओर से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
खिलौना दान और ‘हर घर मुनगा’ अभियान को मिला बढ़ावा
चैनपुर सरपंच द्वारा ‘खिलौना दान योजना’ के तहत 25 बच्चों को स्लेट वितरित की गई। वहीं ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत ग्राम परिसर में मुनगा के पौधे लगाए गए।
स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व को समझाने के लिए पौष्टिक थाली का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं के लिए पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। बसंती, राधा, प्रीति, पार्वती एवं प्रियंका सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में इसी तरह के आंगन मिलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु देखभाल, कुपोषण से बचाव तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
विभाग का उद्देश्य विभिन्न जागरूकता एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति सजग बनाने तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है।
