मध्यप्रदेश से मनेन्द्रगढ़ लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई, दो आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 48 शीशियों में 8.640 लीटर शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

3 min read191 views
मध्यप्रदेश से मनेन्द्रगढ़ लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई, दो आरोपी गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाई जा रही अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

मुखबिर की सूचना पर की गई नाकेबंदी

24 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी क्षेत्र के रहने वाले दो युवक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CV 2898 से मध्यप्रदेश के रामनगर डोला स्थित निजी अंग्रेजी शराब दुकान से शराब खरीदकर अवैध बिक्री के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना में बताया गया कि शराब को मोटरसाइकिल की सीट के बीच काले रंग के बैग में छिपाकर लाया जा रहा है।

सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मनेन्द्रगढ़ हाईवे रोड स्थित फॉरेस्ट डिपो के सामने नाकेबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों की जांच की गई।

48 शीशियों में मिली 8.640 लीटर अंग्रेजी शराब

जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिस पर अंग्रेजी अक्षरों में “PROOGUE” लिखा था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें मैकडॉवेल्स नंबर-1 की 48 प्लास्टिक शीशियां मिलीं। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल शराब थी।

पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 8.640 लीटर तथा अनुमानित कीमत 9,600 रुपये है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CV 2898, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया गया।

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत विधिवत कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

भीमसेन, पिता राजकुमार सेन, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम कटकोना बैहाटोला, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)।

विनय सोनवानी, पिता विनोद कुमार सोनवानी, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम कटकोना बैहाटोला, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)।

इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ एवं साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →