प्रश्नपत्र में सेन समाज से जुड़ी लोकोक्ति के प्रयोग पर विवाद, समाज ने जताई आपत्ति

सर्व सेन समाज ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read46 views
प्रश्नपत्र में सेन समाज से जुड़ी लोकोक्ति के प्रयोग पर विवाद, समाज ने जताई आपत्ति

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित एक परीक्षा के प्रश्नपत्र में सेन समाज से जुड़े कथन/लोकोक्ति के कथित अनुचित एवं आपत्तिजनक प्रयोग को लेकर सर्व सेन समाज ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। मामले को लेकर गुरुवार को सर्व सेन समाज के जिला प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रश्नपत्र में कथन के प्रयोग पर समाज में असंतोष

छत्तीसगढ़ प्रांत सर्व सेन समाज, पंजीयन क्रमांक 82 के प्रांतीय अध्यक्ष पुनीत राम सेन के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि परीक्षा प्रश्नपत्र में सेन समाज से संबंधित कथन का जिस प्रकार प्रयोग किया गया, उससे समाज के लोगों में असंतोष और नाराजगी है। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया तथा संबंधित कथन को शामिल किए जाने के कारणों की जांच किए जाने की मांग की है।

दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करते समय सामाजिक समुदायों, जातीय समूहों और उनसे जुड़े कथनों के प्रयोग को लेकर विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए। किसी भी कथन के उपयोग से किसी समुदाय की भावनाएं आहत न हों, इसका ध्यान प्रश्नपत्र निर्माण की प्रक्रिया में रखा जाना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सह-सचिव एवं सैलून संघ प्रकोष्ठ के ललित सेन, जिला अध्यक्ष रामटेक सेन, जिला सचिव अनिल ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज सिंह, संरक्षक पन्नालाल सेन, जीतू सेन, राकेश सेन, मोहनलाल सेन, रामनिवास सेन सहित सर्व सेन समाज के अन्य पदाधिकारी एवं प्रमुखजन उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →