देवादांड के गणेश पंडाल में पहुंची खड़गवां पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

साइबर जागृति अभियान के तहत ग्रामीणों और युवाओं को OTP, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल-लिंक और वीडियो कॉल से सतर्क रहने की दी समझाइश

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read51 views
देवादांड के गणेश पंडाल में पहुंची खड़गवां पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

खड़गवां/एमसीबी, 22 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक जिला एमसीबी रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के मार्गदर्शन में थाना खड़गवां पुलिस द्वारा ग्राम देवादांड में साइबर जागृति अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ग्राम देवादांड स्थित गणेश पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, ग्रामीण, महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस ने लोगों को समझाया कि अनजान मोबाइल नंबर से आने वाले कॉल, संदिग्ध मैसेज, अनजान लिंक तथा वीडियो कॉल को लेकर विशेष सावधानी बरतें। इसके अलावा OTP फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड फ्रॉड तथा ATM कार्ड से संबंधित धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

देवादांड के गणेश पंडाल में पहुंची खड़गवां पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके (2)

साप्ताहिक बाजार के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में करीब 50 से 60 लोग उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की समझाइश दी गई।

खड़गवां पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध से बचाव में सतर्कता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है और समय पर सूचना देने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →