मनेन्द्रगढ़ 20 सितम्बर । नवगठित मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के निवासियों को पुराने राजस्व अभिलेखों के लिए कोरिया जिले के बैकुंठपुर जाने की मजबूरी से मुक्ति दिलाने की मांग उठी है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शरण सिंह मरपच्ची के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि एमसीबी जिले के गठन को तीन वर्ष से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन पुराने राजस्व रिकॉर्ड अभी भी बैकुंठपुर में ही रखे हुए हैं। इस कारण जिले के दूरस्थ क्षेत्रों जैसे कोटाडोल, कमर्जी, भरतपुर, बहरासी और केल्हारी के ग्रामीणों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए लंबी दूरी तय कर बैकुंठपुर जाना पड़ता है। इससे लोगों का समय, पैसा और श्रम व्यर्थ होता है तथा कई बार अभिलेख प्राप्त करने में महीनों लग जाते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से आयुक्त से मांग की गई कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए पुराने सभी राजस्व रिकॉर्ड कोरिया से ट्रांसफर कराकर एमसीबी कलेक्ट्रेट में सुरक्षित रखे जाएं और यहीं से नागरिकों को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि राजस्व संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान हो सके।
