एमसीबी। नगर पंचायत खोंगापानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कक्षा 9वीं की छात्राओं के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल को बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की राह को आसान बनाना है, ताकि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। निःशुल्क साइकिल योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ उनकी पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय भी उपलब्ध होगा।
शिक्षकों और अभिभावकों से भी किया आह्वान

विधायक ने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की जाए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन देने की अपील की।
रेणुका सिंह ने कहा कि आज की छात्राएं ही कल समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसलिए प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना आवश्यक है।

साइकिल से आसान होगी स्कूल की राह
निःशुल्क साइकिल मिलने पर छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। आने-जाने में लगने वाला समय बचेगा और वे उस समय का उपयोग पढ़ाई में कर सकेंगी। अभिभावकों ने भी साइकिल वितरण को बेटियों की शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र विश्वकर्मा, विनोद गुप्ता, प्रदीप वर्मा, भाजपा नेता सरजू यादव, भाजपा हसदेव मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह, मंडल महामंत्री भगवान दास, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण सहित नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
