मनेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित किया। मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष प्रवेश उत्सव एवं वृहद स्वास्थ्य शिविर के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान करते हुए समाज में सेवा और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने का माध्यम है। स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। उनके इस पहल से प्रेरित होकर लोगों ने रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया। शिविर में कुल 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 2026 का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। रक्तदान इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं रक्तदान के लिए आगे आएं तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
