बुजुर्गों के लिए खुला ‘उदय शांति’ का द्वार, मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना

झगराखांड में 25 सीटर वृद्धा आश्रम का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ, गीता-रामायण और शॉल-श्रीफल भेंट कर बुजुर्गों का किया सम्मान

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

4 min read48 views
बुजुर्गों के लिए खुला ‘उदय शांति’ का द्वार, मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना

एमसीबी, 17 सितंबर 2026। जिले के नगर पंचायत झगराखांड के वार्ड क्रमांक-01 स्थित गेला झरिया दफाई, नॉर्थ जे.के.डी. में बुजुर्गों के लिए सम्मान, सुरक्षा और अपनत्व से भरे नए आशियाने की शुरुआत हुई। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित तथा ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित उदय शांति वृद्धा आश्रम का लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों के बेहतर जीवन, स्वास्थ्य और सम्मान के लिए संवेदनशील पहल की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण अंजना रोस बेक, नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, संस्था पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

25 बुजुर्गों के लिए सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण

उदय शांति वृद्धा आश्रम 25 सीटर है। यहां बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की पहल की गई है। प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण अंजना रोस बेक ने अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिले में वृद्धा आश्रम का शुभारंभ बुजुर्गों के लिए एक संवेदनशील एवं मानवीय पहल है।

उन्होंने बताया कि 25 सीटर इस आश्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत समर्पित किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न वृद्धा आश्रमों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के आशीर्वाद और अनुभवों को समाज की सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है।

बुजुर्गों की हर जरूरत का रखा जाए ध्यान : कलेक्टर

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने आश्रम के शुभारंभ को जिले के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए वहां रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए।

बुजुर्गों के लिए खुला ‘उदय शांति’ का द्वार, मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना (2)

कलेक्टर ने बुजुर्गों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर उन्हें गार्डन, पर्यटन स्थलों और बाजार का भ्रमण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिलाई, खेलकूद, पढ़ना-लिखना एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उनकी रुचि के अनुसार भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने समाज कल्याण विभाग को नियमित गतिविधियां आयोजित करने तथा योगाभ्यास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बनेगा परिवार जैसा माहौल

नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने आश्रम के शुभारंभ पर सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आश्रम में गार्डनिंग, पढ़ाई, सिलाई सहित विभिन्न गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जानी चाहिए। उन्होंने इन कार्यों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए समाज के सभी वर्गों से ऐसे प्रयासों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

‘बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं, सेवा करना हम सभी का दायित्व’ : श्याम बिहारी जायसवाल

बुजुर्गों के लिए खुला ‘उदय शांति’ का द्वार, मिला सम्मान और अपनत्व का नया ठिकाना (2)

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग एवं ग्राम विकास समिति द्वारा बुजुर्गों के लिए किए जा रहे प्रयास की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बुजुर्ग माताओं के हाथों जलने वाले दीप उनके आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक हैं।

मंत्री ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा केवल संस्थागत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक दायित्व भी है। कई बार परिस्थितियों के कारण लोग अपने माता-पिता की उस तरह सेवा नहीं कर पाते, जैसी वे करना चाहते हैं। ऐसे में वृद्धा आश्रम बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने का माध्यम बन सकता है।

उन्होंने कहा कि इस 25 सीटर आश्रम में जिले, प्रदेश और अन्य राज्यों के बुजुर्ग भी आकर रह सकते हैं और यहां एक नए परिवार जैसा अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आश्रम में बेहतर सुविधाओं के लिए ओपन शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों से नियमित रूप से आश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की अपील की।

मंत्री ने बुजुर्गों के लिए प्रत्येक सप्ताह भ्रमण की व्यवस्था करने तथा उन्हें पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

गीता, रामायण और हनुमान चालीसा भेंट कर बुजुर्गों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आश्रम में रहने आए बुजुर्ग माता-पिता से आत्मीयता से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों को श्रीमद्भगवद्गीता, रामायण, हनुमान चालीसा तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

बुजुर्गों के सम्मान का यह क्षण कार्यक्रम का भावुक और आत्मीय पक्ष रहा। कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास समिति एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →