अंबिकापुर में सियासी हलचल के बीच भूपेश बघेल से मिले हाफिज मेमन और स्वप्निल सिन्हा, यूथ कांग्रेस चुनाव पर हुई चर्चा

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के बीच पूर्व सीएम से मुलाकात बनी चर्चा का केंद्र, मतदान प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read86 views
अंबिकापुर में सियासी हलचल के बीच भूपेश बघेल से मिले हाफिज मेमन और स्वप्निल सिन्हा, यूथ कांग्रेस चुनाव पर हुई चर्चा

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के बीच सरगुजा संभाग में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। अंबिकापुर में आयोजित संभाग स्तरीय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं की मुलाकातों और बैठकों ने संगठनात्मक चुनाव को लेकर सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है।

इसी क्रम में एमसीबी जिला युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन तथा जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने अंबिकापुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। यह मुलाकात दानिश रफीक के निवास पर हुई, जहां युवा नेता शिवम सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

बताया गया कि मुलाकात के दौरान वर्तमान में चल रही युवा कांग्रेस की सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया, मतदान तथा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान संगठन की जमीनी स्थिति और चुनाव से संबंधित फीडबैक पर भी बातचीत होने की जानकारी सामने आई है।

मतदान के बीच मुलाकात से बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं

युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव की मतदान प्रक्रिया के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हुई इस मुलाकात को लेकर एमसीबी और सरगुजा संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुलाकात उस समय और अधिक चर्चा में आ गई, जब भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी तस्वीरें साझा कीं। इसके बाद अंबिकापुर से लेकर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तक कांग्रेस के राजनीतिक एवं संगठनात्मक हलकों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव पर सबकी नजर

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भी संगठन के भीतर सक्रियता बढ़ी हुई है। चुनाव मैदान में सत्येंद्र चेलक और शैलेन्द्र बंजारे प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों से जुड़े नेताओं और समर्थकों की सक्रियता भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।

अंबिकापुर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर और इसी दौरान युवा कांग्रेस से जुड़े नेताओं की पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात ने संगठनात्मक चुनाव को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों की नजरें मतदान प्रक्रिया पूरी होने तथा चुनाव परिणाम सामने आने पर टिकी हैं।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →