कठौतिया में ‘उल्लास’ ने जगाया शिक्षा का उजियारा, परिवार से गांव तक गूंजा साक्षरता का संदेश

दादा-दादी से लेकर मां और सास तक को साक्षर बनाने बच्चों ने उठाया बीड़ा, रैली, चित्रकला, रंगोली और डिजिटल जागरूकता जैसी गतिविधियों से दिया शिक्षा का संदेश

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

3 min read41 views
कठौतिया में ‘उल्लास’ ने जगाया शिक्षा का उजियारा, परिवार से गांव तक गूंजा साक्षरता का संदेश

एमसीबी/15 सितंबर 2026। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंकिता सोम शर्मा के निर्देशन में जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 1 से 15 सितंबर 2026 तक साक्षरता पखवाड़े का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में विकासखंड मनेंद्रगढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया में साक्षरता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां उत्साहपूर्वक आयोजित की गईं।

उल्लास शपथ से हुआ पखवाड़े का शुभारंभ

साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ उल्लास शपथ के साथ हुआ। ‘उल्लास गृहकार्य’ के अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कठौतिया के छात्र-छात्राओं ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी को बुनियादी अक्षर ज्ञान कराने का प्रयास किया। इसका उद्देश्य बच्चों के माध्यम से परिवार के बुजुर्गों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना रहा।

वहीं ‘गौरव के क्षण’ कार्यक्रम में साक्षर हुई एक महिला को उसके नाती द्वारा मंच तक ले जाकर ब्लैकबोर्ड पर हस्ताक्षर कराया गया। यह भावुक और प्रेरणादायी क्षण साक्षरता के महत्व और शिक्षा की शक्ति को रेखांकित करने वाला रहा।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उल्लास साक्षरता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय एवं उल्लास कार्यक्रम के जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर उल्लास शपथ ली। साक्षरता संबंधी नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए साक्षरता अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कठौतिया में ‘उल्लास’ ने जगाया शिक्षा का उजियारा, परिवार से गांव तक गूंजा साक्षरता का संदेश (2)

महिला और डिजिटल साक्षरता पर विशेष फोकस

पखवाड़े के दौरान महिला साक्षरता को भी विशेष महत्व दिया गया। गांव की पढ़ी-लिखी बहुओं ने अपनी सास को तथा बेटियों ने अपनी मां को साक्षर बनाने का प्रयास किया। इस पहल ने परिवार के भीतर ही शिक्षा की नई कड़ी जोड़ने का काम किया।

वाचन दिवस के अवसर पर सभी शिक्षार्थियों ने पुस्तक वाचन किया। वहीं बैगलेस डे के अवसर पर साइकिल रैली निकालकर साक्षरता और जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता के अंतर्गत ग्राम प्रभारी एवं शिक्षक योगेश कुमार लहंगीर ने ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी। हिंदी दिवस के अवसर पर साक्षरता विषय पर नारा लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पखवाड़े के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी गतिविधियों का प्रभावी रूप से संचालन किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक एवं स्वयंसेवी हुए सम्मानित

साक्षरता पखवाड़े के समापन अवसर पर कलेक्टर कार्यालय मनेंद्रगढ़ के सभाकक्ष में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं तारा राज किशोरी मिंज, मनीषा पांडेय, प्रीति राय, योगेश कुमार लहंगीर एवं उर्मिला सिंह सहित स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कलेक्टर ने उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं स्वयंसेवियों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उल्लास कार्यक्रम से संबंधित सामूहिक छायाचित्र एवं स्मृति चिन्ह कलेक्टर को भेंट किया। इसके बाद शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने ‘उल्लास साक्षरता दीपक’ प्रज्ज्वलित कर साक्षरता पखवाड़े का समापन किया।

कठौतिया में आयोजित यह अभियान केवल एक पखवाड़े तक सीमित गतिविधि नहीं रहा, बल्कि परिवार से गांव तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने और समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणादायी पहल बनकर सामने आया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →