एमसीबी। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने दौरा कार्यक्रम के दौरान ग्राम जरौंधा स्थित छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री जायसवाल ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा छात्रावास की दैनिक व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं को देखकर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में बेहतर भोजन, साफ-सफाई, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें।

मंत्री के निरीक्षण से छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों में भी सक्रियता देखने को मिली। विद्यार्थियों ने भी मंत्री के समक्ष अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से संबंधित जानकारी साझा की।
