मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन (CGMA) की संगठनात्मक बैठक में संगठन के विस्तार, सुचारू संचालन और समाजहित के कार्यों को और अधिक गति देने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसी क्रम में मनेन्द्रगढ़ निवासी रफीक मेमन (रज्जू भाई) को छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन का नायब सदर (उपाध्यक्ष) मनोनीत किया गया है।
बैठक में संगठन के पास पिछले तीन वर्षों से उपलब्ध जमीन के उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। तय किया गया कि उक्त जमीन पर हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को रायपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में रहकर बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन के सदर हाजी इदरीश लोया के मार्गदर्शन में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संगठन की ओर से समाजहित से जुड़े कार्यों को प्रदेशभर में विस्तार देने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नई कार्यकारिणी में हाजी इब्राहिम मेमन और हाजी फारूक वारसी को संरक्षक बनाया गया है। वहीं हाजी अब्दुल गफ्फार (गप्पू भाई), गरियाबंद को संयोजक, हाजी दिलावर रोकड़िया को सचिव तथा हाजी हनीफ उमरानी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
रफीक मेमन समेत तीन बने नायब सदर
नायब सदर के रूप में हनीफ शेखवानी (कांकेर), रफीक मेमन (मनेन्द्रगढ़) और अनवर शेखवानी (बिलासपुर) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा शाहिद (केशकाल) को सहसचिव, फिरोज वाघडिया (बसना) को सह-कोषाध्यक्ष, यूनुस (कोरबा) को लीगल एडवाइजर तथा यासीन कलावाडिया को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है।
प्रदेशभर से सदस्यों को कार्यकारिणी में मिली जगह
छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन की कार्यकारिणी में अमीन पोरख (कोरबा), साजिद फुलारा (बसना), हनीफ उजाला (कांकेर), शरीफ (कांकेर), हनीफ बारवटिया (जगदलपुर), मुश्ताक ढेबर (राजिम), वल्ली राजवानी (महासमुंद) और इलियास बारवटिया (जगदलपुर) को शामिल किया गया है।
मनोनयन के बाद एसोसिएशन के सदर हाजी इदरीश लोया ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को मुबारकबाद दी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने के साथ ही समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी और सदस्य तन, मन और धन से संगठन को आगे बढ़ाने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करें।
मनेन्द्रगढ़ में खुशी का माहौल
रफीक मेमन को छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन का नायब सदर बनाए जाने से मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के मेमन समाज में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने उनके मनोनयन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि रफीक मेमन के अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता से छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन को प्रदेश स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा समाजहित की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
