मनेन्द्रगढ़। केंद्रीय विद्यालय SECL झगराखांड की कंप्यूटर साइंस शिक्षिका इशिता पांडे ने शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर मनेन्द्रगढ़ का नाम रोशन किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें शिव नादर फाउंडेशन एवं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के Saïd Business School से जुड़े प्रतिष्ठित ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ में सरकारी स्कूल श्रेणी में कंप्यूटर साइंस विषय की राष्ट्रीय विजेता चुना गया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक शिक्षकों ने नामांकन कराया था। राष्ट्रीय फाइनल का आयोजन शिव नादर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में किया गया। बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद विभिन्न श्रेणियों में कुल 16 राष्ट्रीय विजेताओं का चयन हुआ, जिनमें सरकारी और निजी स्कूल श्रेणी से आठ-आठ शिक्षक शामिल हैं।
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा विशेष शैक्षणिक एवं नेतृत्व प्रशिक्षण
राष्ट्रीय विजेता बनने के साथ ही इशिता पांडे को University of Oxford के Saïd Business School में एक सप्ताह के विशेष शैक्षणिक एवं नेतृत्व कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त वे पांच सप्ताह के ऑनलाइन प्रोफेशनल डेवलपमेंट कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।
यह अवसर उन्हें शिक्षा में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समझने तथा अपने अनुभवों को और व्यापक बनाने का मंच प्रदान करेगा।
CS Labs सॉफ्टवेयर नवाचार की अंतरराष्ट्रीय जूरी ने की सराहना

राष्ट्रीय फाइनल के दौरान इशिता पांडे द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे तकनीकी नवाचारों की अंतरराष्ट्रीय जूरी ने विशेष सराहना की। जूरी सदस्य डॉ. क्रिस्टीना यान झांग और कैरी लोमास ने उनके कार्य को उल्लेखनीय बताया।
विशेष रूप से उनके द्वारा विकसित CS Labs सॉफ्टवेयर को जूरी ने नवाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना। डॉ. झांग ने इशिता पांडे को इस सॉफ्टवेयर के लिए बौद्धिक संपदा (IP) संरक्षण, एजुकेशन ग्रांट प्राप्त करने तथा इस नवाचार को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ने का सुझाव दिया।
विद्यालय के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर इशिता पांडे ने कहा कि इसका श्रेय विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. श्रीवास्तव के निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार को जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नवाचार, प्रयोगधर्मिता और तकनीक आधारित शिक्षण को प्रोत्साहित करने वाले सकारात्मक वातावरण ने उन्हें अपने शैक्षणिक प्रयोगों को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।
इशिता पांडे की इस उपलब्धि को शिक्षा के क्षेत्र में झगराखांड और मनेन्द्रगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी राष्ट्रीय स्तर की सफलता पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के रायपुर संभाग, केंद्रीय विद्यालय SECL झगराखांड के विद्यालय परिवार एवं स्थानीय समुदाय ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
