मनेन्द्रगढ़, 10 सितंबर 2026। शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसते हुए तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान की संबंधित प्रार्थियों से पहचान भी कराई गई, जिन्होंने अपने चोरी हुए सामान की पहचान की।
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा (आईपीएस) और एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) ने विशेष अभियान चलाकर चोरी के मामलों का शीघ्र खुलासा करने तथा क्षेत्र में पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़ कोतवाली निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने चोरी के मामलों की विवेचना के साथ संदिग्धों की लगातार पतासाजी शुरू की।
पूछताछ में तीन वारदातों का खुलासा
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
पहला मामला – रेलवे कॉलोनी:
प्रार्थी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने राकेश यादव पिता श्यामलाल, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरा मामला – पेंड्रा दफाई, वार्ड नंबर 9:
प्रार्थी हुसैन के गोदाम से 2 क्विंटल लोहे की सरिया और कटर मशीन चोरी होने के मामले में पुलिस ने अरमान अंसारी पिता हामिद, उम्र 22 वर्ष, निवासी मौहारपारा वार्ड नंबर 5 तथा सुमित सिंह पिता बलराम, निवासी मौहारपारा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 क्विंटल लोहे की सरिया, कीमत लगभग 20 हजार रुपये, बरामद की गई।
तीसरा मामला – चनवारीडांड:
प्रार्थी हर्षित जैन के एचआर इंडस्ट्रीज कैंपस से बड़ा मोटर पंप चोरी करने के मामले में पुलिस ने सुभाष कुमार पिता विजय कुमार, निवासी गदबदी, बैकुंठपुर तथा ऋषि कुमार पिता ज्ञानचंद, उम्र 19 वर्ष, निवासी पेंड्रा, हाल मुकाम खेड़िया तिराहा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 14 हजार रुपये कीमत का बड़ा मोटर पंप बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि चोरी का सामान बरामद होने के बाद संबंधित प्रार्थियों से उसकी पहचान कराई गई। पहचान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी पांच आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
चार टीमों ने की लगातार पतासाजी
चोरी की घटनाओं के खुलासे में कोतवाली पुलिस की टीमों ने लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर जांच की। पुलिस की कार्रवाई से शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एसआई जयालक्ष्मी, पीएसआई दीपशिखा, एएसआई चेतन रजवाड़े, एचसी राजकुमार सेन, प्रिंस राय, सुनील रजक, नवीन, राकेश शर्मा, मो. आजाद, प्रदीप लकड़ा, प्रमित सिंह, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल), अमित गुप्ता, सैनिक विनीत सोनी एवं आरक्षक टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील
मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर बिना देरी किए थाने में एफआईआर दर्ज कराएं। साथ ही क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, सतर्क नागरिक और सक्रिय पुलिसिंग के समन्वय से चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
