“हाईवे पर दंतैल का ‘डेरा’, थम गई रफ्तार; वाहनों की ओर दौड़ा हाथी तो मची अफरा-तफरी”

मोरगा-चोटिया के बीच हाईवे पर बीच सड़क खड़ा हुआ हाथी, वाहनों की ओर दौड़ा; वन अमले और हाथी मित्र दल ने मशक्कत कर जंगल की ओर खदेड़ा

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Sep 04, 20263 min read60 views
“हाईवे पर दंतैल का ‘डेरा’, थम गई रफ्तार; वाहनों की ओर दौड़ा हाथी तो मची अफरा-तफरी”

कटघोरा। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दंतैल हाथी अचानक NH-130 के मुख्य मार्ग पर आ पहुंचा। मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास करीब शाम 5 बजे हाथी के हाईवे पर पहुंचते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथी की मौजूदगी के कारण करीब एक घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

हाईवे पर हाथी को देखकर वाहन चालक और राहगीर दहशत में नजर आए। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब दंतैल सड़क के बीचों-बीच खड़ा होकर आसपास से गुजर रहे वाहनों की ओर दौड़ लगाने लगा। हाथी को अपनी ओर आता देख कई वाहन चालकों ने तत्काल अपने वाहन पीछे किए और सुरक्षित स्थान की ओर जाने का प्रयास किया।

हाईवे पर हाथी ने रोका रास्ता, दोनों ओर लगी वाहनों की कतार

दंतैल के सड़क पर पहुंचने के बाद कुछ ही देर में NH-130 पर यातायात पूरी तरह थम गया। हाथी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक वाहन चालक हाईवे पर फंसे रहे और लोग हाथी के हटने का इंतजार करते रहे।

मरवाही से कटघोरा वन मंडल में पहुंचा है दंतैल

जानकारी के अनुसार, यह दंतैल हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से निकलकर कटघोरा वन मंडल में पहुंचा है। कटघोरा वन मंडल में दाखिल होने के बाद हाथी द्वारा ग्रामीण इलाकों में कई घरों को नुकसान पहुंचाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके चलते आसपास के गांवों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है।

अब दंतैल के NH-130 पर पहुंचने से वन विभाग के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों की चिंता भी बढ़ गई है।

वन अमला और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा

हाईवे पर हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का वन अमला और हाथी मित्र दल तत्काल मौके पर पहुंचा। रेंजर, डिप्टी रेंजर और मैदानी अमले ने हाथी मित्र दल के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की।

हाथी को हाईवे से हटाने के लिए सायरन और हूटर का इस्तेमाल किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दंतैल को सुरक्षित तरीके से हाईवे से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ दिया। हाथी के जंगल में लौटने के बाद ही NH-130 पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका।

वन विभाग ने जारी की सतर्क रहने की अपील

घटना के बाद वन विभाग ने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने जंगल से गुजरने वाले मार्गों पर विशेषकर रात के समय सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है।

वन विभाग के अनुसार, यदि रास्ते में हाथी दिखाई दे तो उसके करीब जाने, उसे छेड़ने या तेज आवाज कर उकसाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और हाथी के स्वयं रास्ता छोड़ने का इंतजार करें।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →