मनेंद्रगढ़। संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना का पर्व हरछठ (हलषष्ठी) मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह और आस्था नजर आई। नगर के विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर अपनी संतान और परिवार के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इसी क्रम में टीवी टावर रोड क्षेत्र में भी महिलाओं ने एकत्रित होकर विधि-विधान से हरछठ माता एवं भगवान बलराम जी की पूजा की। पूजन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक पूजन सामग्री के साथ महुआ, अनाज सहित अन्य सामग्री अर्पित की और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।
कथा श्रवण के साथ जाना पर्व का धार्मिक महत्व
पूजा के दौरान महिलाओं ने हरछठ की कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर पर्व से जुड़ी धार्मिक एवं पारंपरिक मान्यताओं की जानकारी भी साझा की गई। कथा के माध्यम से संतान की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना की गई।

हवन में दी आहुतियां, परिवार की खुशहाली की कामना
पूजा-अर्चना और कथा श्रवण के पश्चात हवन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक हवन में आहुतियां अर्पित कर अपने बच्चों एवं परिवार के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन के लिए प्रार्थना की।
हरछठ पर्व भारतीय कृषि संस्कृति, लोक परंपरा और मातृत्व की भावना से गहराई से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था का पालन करते हुए उत्साह एवं श्रद्धा के साथ पर्व मनाया। सामूहिक पूजा के दौरान वातावरण भक्तिमय रहा और महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
