एमसीबी, 31 अगस्त 2026। कोटाडोल-कमर्जी मुख्य मार्ग पर कोटाडोल से करीब 300 मीटर की दूरी और खिरकी बैरियर से लगभग 2 किलोमीटर दूर तरईया नदी पर स्थित पुल बारिश के दौरान 30 अगस्त को क्षतिग्रस्त हो गया। पुल की स्थिति को देखते हुए दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पुल से पैदल आवागमन समेत सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुल की मरम्मत पूरी होने तक निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग किया जाए। जनकपुर की ओर से आने वाले पैदल यात्री और दोपहिया वाहन ग्राम बरौता से ग्राम नेरूवा, ग्राम रजरावल होते हुए खिरकी वन विभाग बैरियर तक पहुंच सकेंगे। यह वैकल्पिक मार्ग कुछ हिस्सों में कच्चा है।
इसी तरह कमर्जी की ओर से आने वाले पैदल यात्री और दोपहिया वाहन खिरकी वन विभाग बैरियर से विपरीत दिशा में बरौता मुख्य मार्ग तक पहुंच सकेंगे। प्रशासन के मुताबिक परिवर्तित मार्ग का इस्तेमाल केवल पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहनों और एम्बुलेंस के आवागमन के लिए किया जा सकेगा।
17 किलोमीटर की जगह अब 24 किलोमीटर का सफर
पुल बंद होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। सामान्य परिस्थितियों में कोटाडोल से कमर्जी की दूरी करीब 17 किलोमीटर है, जो वैकल्पिक मार्ग से बढ़कर लगभग 24 किलोमीटर हो जाएगी।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में आवागमन करने वालों के खिलाफ सख्ती के संकेत दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई तथा मोटर यान अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह प्रतिबंध 30 अगस्त 2026 से 7 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, परिस्थितियों में इससे पहले बदलाव होने पर आदेश में आवश्यक संशोधन किया जा सकता है।
5 सितंबर तक दोपहिया और हल्के वाहनों के लिए खुलने की उम्मीद
प्रशासन ने बताया कि PMGSY द्वारा मरम्मत कार्य पूरा किए जाने के बाद शनिवार, 5 सितंबर 2026 तक पुल को पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहनों और हल्के चार पहिया वाहनों के आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य है।
वर्तमान में नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही के लिए मरम्मत कार्य में अतिरिक्त समय लग सकता है। बस और ट्रक जैसे भारी चार पहिया वाहनों के लिए पुल को पूर्ण रूप से खोलने का कार्य 1 अक्टूबर 2026 से पहले पूरा किया जाना अपेक्षित है।
प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि पुल की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से ही आवागमन करें।
