बैकुंठपुर (कोरिया)। बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मकान मालिक के इलाज के सिलसिले में करीब एक माह से रायपुर में रहने का फायदा उठाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर राजेश साहू के मार्गदर्शन में की गई।
एक माह से बंद था मकान, रात में घर में घुसा चोर
पुलिस के अनुसार, ओडगीनाका निवासी पीड़ित पक्ष इलाज के सिलसिले में पिछले करीब एक माह से रायपुर गया हुआ था। इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात आरोपी ने रात्रि में ऊपर के रास्ते से मकान में प्रवेश किया।
आरोपी ने घर के अंदर के दरवाजों और अलमारी के ताले तोड़कर नकद रकम तथा की-पैड चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच तेज कर आरोपी तक पहुंच बनाई
शिकायत मिलते ही बैकुंठपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल करते हुए चोरी की वारदात में शामिल आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दर्ज अपराध
अपराध क्रमांक: 249/2026
धाराएं: 331(4), 305 बीएनएस (BNS)
गिरफ्तार आरोपी
मनोज कुमार राजवाड़े, पिता इनेश्वर प्रसाद राजवाड़े, उम्र 30 वर्ष, निवासी ओडगीनाका, थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़)।
बैकुंठपुर पुलिस की इस कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
