त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्ती, मिठाई-पनीर-दही के नमूने जांच के लिए भेजे

बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़ में मिठाई, डेयरी, बेकरी और होटल प्रतिष्ठानों की सघन जांच, कमियां मिलने पर जारी हुए नोटिस

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 24, 20264 min read70 views
त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्ती, मिठाई-पनीर-दही के नमूने जांच के लिए भेजे

एमसीबी/24 अगस्त 2026। त्योहारी सीजन में आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़ शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई, डेयरी, बेकरी और होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंची टीम

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल तथा कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खरे के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मनेन्द्रगढ़ के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मिठाई दुकानों से बेसन लड्डू, गुलाब जामुन और मिल्क केक के नमूने

जांच टीम ने शुभम स्वीट्स, रेलवे फाटक रोड का निरीक्षण कर वहां से बेसन लड्डू, गुलाब जामुन और मिल्क केक के नमूने संकलित किए। प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के संबंध में संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।

वहीं, जेकेडी रोड पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने फॉर्च्यून शक्कर का नमूना भी जांच के लिए लिया।

डेयरी दुकानों में पनीर और दही की गुणवत्ता परखी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने हनुमान डेयरी का निरीक्षण कर पनीर, दही और टोस्ट के नमूने लिए। इसी तरह सिंह डेयरी से खट्टा दही और नमकीन का नमूना संकलित किया गया।

त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्ती, मिठाई-पनीर-दही के नमूने जांच के लिए भेजे (2)

सभी नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने डेयरी संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

बेकरी और होटल प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में

अभियान के तहत नारायण बेकरी का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई तथा आवश्यक नमूने लिए गए। इसके अलावा गणेश ट्रेडर्स, भरत होटल और बिरयानी जंक्शन का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जहां भी आवश्यक कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की बिक्री में स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जागरूकता पोस्टरों के जरिए उपभोक्ताओं को भी किया जागरूक

जांच अभियान के साथ ही विभाग की ओर से आईईसी गतिविधियों के तहत होटल एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के डायनिंग स्थलों पर जागरूकता संबंधी पोस्टर भी लगाए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से खाद्य कारोबारियों के साथ आम उपभोक्ताओं को भी सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा संकलित सभी खाद्य नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के विपरीत पाई जाती है, तो रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही संकेत दिया गया है कि मिलावट और खाद्य गुणवत्ता में लापरवाही के खिलाफ जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →