जनकपुर-कोटाडोल में कांग्रेस की हुंकार: स्मार्ट मीटर, महंगाई और बिजली कटौती के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 24, 20263 min read44 views
जनकपुर-कोटाडोल में कांग्रेस की हुंकार: स्मार्ट मीटर, महंगाई और बिजली कटौती के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा

जनकपुर/कोटाडोल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर एवं कोटाडोल की महत्वपूर्ण बैठक 23 अगस्त को जनकपुर में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं, प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और आगामी जनआंदोलनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने और चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया।

बैठक में स्मार्ट मीटर वापस लेने, बढ़ते बिजली बिल, लगातार बिजली कटौती, महंगाई तथा पंचायतों में ₹100 कर वसूली जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इन समस्याओं का सीधा असर ग्रामीणों, किसानों, गरीब परिवारों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

‘जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ’ — अशोक श्रीवास्तव

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को भूलकर आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली के बढ़ते बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

जनकपुर-कोटाडोल में कांग्रेस की हुंकार: स्मार्ट मीटर, महंगाई और बिजली कटौती के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा (2)

वनांचल की समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो मुखर

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि जनकपुर, कोटाडोल और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों की जनता पहले से ही मूलभूत सुविधाओं की चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में बिजली कटौती, बढ़े हुए बिजली बिल और नए करों का अतिरिक्त बोझ जनता के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें प्रभावी तरीके से उठाएंगे।

बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

ब्लॉक प्रभारी रवि प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

जनकपुर-कोटाडोल में कांग्रेस की हुंकार: स्मार्ट मीटर, महंगाई और बिजली कटौती के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा (2)

महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना

बैठक में केंद्र की भाजपा सरकार की महंगाई तथा राज्य सरकार की नीतियों को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने चिंता जताई। नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

बैठक में कोटाडोल ब्लॉक प्रभारी अवधेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जनकपुर अंकुर प्रताप सिंह,रामप्रकाश मानिकपुरी, रामू सिंह, संजू गुप्ता, विनीत सिंह, लालसाय बैगा, सौरव सिंह, दिलकरन, शिवम् प्यासी, शहबाज़, कमल जोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन और जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर, बिजली की समस्या, महंगाई और कर वसूली जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →