मनेन्द्रगढ़ 18 अगस्त । ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत वर्ष 2005 में निर्मित बताई जा रही बोरीडांड रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क की बदहाली का मामला अब सीएम हेल्पलाइन 1076 तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में बताया है कि उक्त सड़क वर्तमान में चुकतीपानी मोहल्ले में गड्ढों और खराब रास्ते के रूप में तब्दील हो चुकी है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सड़क सरकारी भूमि के खसरा नंबर 20 में दर्ज थी, जबकि संबंधित नक्शे में भी इसका उल्लेख दिखाई देता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद कई बार प्रशासन को सूचना दिए जाने के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा मौके का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया और न ही समस्या का स्थायी निराकरण किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान सड़क पर पानी भरने और गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। शिकायत में कहा गया है कि आए दिन विवाद और एक्सीडेंट जैसी घटनाओं की स्थिति बनती है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सक्षम एवं जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर भेजकर भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा सड़क की वास्तविक स्थिति की जांच कर समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। शिकायत के साथ खसरा नक्शा और सड़क की वर्तमान बदहाल स्थिति की तस्वीर भी प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख है।
दस्तावेज में छत्तीसगढ़ शासन राजस्व विभाग का खसरा नक्शा भी दिखाई देता है, जिसमें खसरा नंबर 20 को शासकीय भूमि के रूप में दर्शाया गया है। नक्शे में सड़क का रास्ता भी चिन्हित नजर आ रहा है।
