मनेंद्रगढ़। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ नगर के हृदयस्थल जय स्तंभ प्रांगण में जय स्तंभ पत्रकार सेवा समिति के तत्वावधान में गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र अरोड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से भारत माता की जय तथा देशभक्ति के जयघोष लगाए, जिससे पूरा जय स्तंभ परिसर राष्ट्रप्रेम के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जय स्तंभ पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। उपस्थित जनों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ध्वजारोहण के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र अरोड़ा ने नगरवासियों एवं उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जय स्तंभ पत्रकार सेवा समिति द्वारा इस ऐतिहासिक स्थल पर स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। समिति के प्रत्येक पत्रकार सदस्य को वरिष्ठता के क्रम के आधार पर 15 अगस्त और 26 जनवरी के राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पत्रकारिता जगत में आपसी सम्मान और एकजुटता को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग भारत की विविधता, त्याग, शांति और समृद्धि के संदेश को अपने भीतर समेटे हुए हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उपस्थितजनों ने देश की प्रगति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने और समाज में भाईचारे एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साथी सुरेश सोनी एल्डरमैन नगर पालिका परिषद, विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य संजय सैंगर, शिक्षक उपकार शर्मा, आकाश दुआ, रविकांत सिंह, विनीत जायसवाल, चरणजीत सिंह सलूजा, हिमांशु श्रीवास्तव, संस्कार सिंह, शुभम जायसवाल, मोहनलाल, मथुरा प्रसाद सहित पत्रकार सेवा समिति के सदस्य, पत्रकार साथी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने, देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। राष्ट्रप्रेम के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
