📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

शास्त्रीय गायन में सौम्या गुप्ता ने राज्य स्तर पर मारी बाजी, राष्ट्रीय मंच पर देंगी प्रस्तुति

एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव की राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर मनेंद्रगढ़-झगराखांड का बढ़ाया गौरव

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 16, 20263 min read207 views
शास्त्रीय गायन में सौम्या गुप्ता ने राज्य स्तर पर मारी बाजी, राष्ट्रीय मंच पर देंगी प्रस्तुति

मनेंद्रगढ़। एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय झगराखांड की कक्षा 11वीं की प्रतिभावान छात्रा सौम्या गुप्ता ने शास्त्रीय गायन में शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया है। सौम्या की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय, बल्कि मनेंद्रगढ़-झगराखांड क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब सौम्या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रस्तुति देंगी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्ग, रायपुर, जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर क्लस्टर से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सौम्या ने अंबिकापुर क्लस्टर का प्रतिनिधित्व करते हुए शास्त्रीय गायन वर्ग में राग भूपाली के अंतर्गत छोटा ख्याल एवं तराना प्रस्तुत किया। उनकी सधे हुए सुर, लय, ताल और भावपूर्ण गायन प्रस्तुति ने निर्णायकों को प्रभावित किया और उन्हें प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

सौम्या की प्रस्तुति में तबला संगत छात्र उज्जवल बोम्माली ने की। दोनों विद्यार्थियों की शानदार जुगलबंदी ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। सौम्या की इस सफलता को उनकी निरंतर साधना, संगीत के प्रति समर्पण और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सौम्या नगर के प्रतिष्ठित गायक, कवि एवं शिक्षक रमेश गुप्ता की सुपुत्री हैं। संगीत का संस्कार उन्हें परिवार से भी मिला है। अपनी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय सौम्या ने अपनी बुआ करुणा गुप्ता, गुरुजनों तथा माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार और गुरुजनों के निरंतर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

सौम्या के राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने की खबर मिलते ही केंद्रीय विद्यालय झगराखांड में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, सहपाठियों एवं ईष्ट-मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि सौम्या राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

संगीतमय उपलब्धियों की पारिवारिक परंपरा भी जारी

सौम्या की यह उपलब्धि परिवार के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पूर्व उनके भाई शुभम गुप्ता भी तबला वादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर तक प्रस्तुति देकर मनेंद्रगढ़ को गौरवान्वित कर चुके हैं। भाई के बाद अब बहन सौम्या का शास्त्रीय गायन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

सौम्या की इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि छोटे शहरों और अंचलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और अवसर मिलने पर यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकते हैं। सौम्या की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी बनकर सामने आई है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →