📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ सोनहत में कांग्रेस का जनअभियान, घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से भरवाए सहमति फार्म

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 13, 20263 min read58 views
महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ सोनहत में कांग्रेस का जनअभियान, घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से भरवाए सहमति फार्म

सोनहत। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के विरोध में सोनहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जनआंदोलन की शुरुआत कर दी है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो के निर्देश, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय सोनहत में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर बिजली उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया।

अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घरों और दुकानों तक पहुंचे तथा उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर के माध्यम से प्राप्त हो रहे बिजली बिलों, बिल की राशि में बढ़ोतरी और बिजली से जुड़ी अन्य परेशानियों की जानकारी ली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने सामान्य मीटर लगाए जाने की मांग से अवगत कराया और इस मांग के समर्थन में उनकी सहमति के फार्म भी भरवाए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत अधिक बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बिजली आम आदमी की मूलभूत जरूरत है और लगातार बढ़ते बिजली खर्च से मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण करने तथा स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोनहत में भी घर-घर संपर्क अभियान शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्याओं को सामने लाना और उनके पक्ष में सरकार तक आवाज पहुंचाना है।

कार्यकर्ताओं ने इस दौरान लोगों से बिजली बिलों की जांच करने, बिल में आने वाली विसंगतियों की जानकारी साझा करने तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं को कांग्रेस के अभियान से जोड़ने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी और बिजली उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याएं प्रभावी ढंग से उठाई जाएंगी।

आंदोलन के दौरान पूर्व जनपद उपाध्यक्ष गुलाब चौधरी, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार राजवाड़े, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्योत्सना राजवाड़े, सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक, सोनहत मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, केशगवां मंडल अध्यक्ष दिल कुमार गुप्ता, भैंसवार मंडल अध्यक्ष शिवरतन, चिकनजोरी मंडल अध्यक्ष राजबहादुर राजवाड़े, डीआर राजवाड़े, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद्र साहू सहित तीरथ सिंह, कन्हैया जायसवाल, भारत लाल राजवाड़े, प्रकाश पण्डो, प्रमोद चौधरी, हरिओम साहू, राजेश साहू, प्रीतम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनसंपर्क अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों और सहमति फार्म के आधार पर शासन के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा जाएगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →