📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

एमसीबी में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्टर और एसपी ने दिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश

त्योहारों, विश्व आदिवासी दिवस, सड़क सुरक्षा, अवैध गतिविधियों और नशे के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 05, 20264 min read10 views
एमसीबी में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्टर और एसपी ने दिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश (1/2)
1 / 2

मनेंद्रगढ़/एमसीबी, 05 अगस्त 2026। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े तथा पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के वीसी कक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी त्योहारों, विश्व आदिवासी दिवस, सावन सोमवार, पर्यटन स्थलों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को देखते हुए सभी विभाग पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने, सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाने, वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले में अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान निरंतर जारी रखने और सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं से दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को गंभीर बताते हुए जिले में उपलब्ध काउ कैचर की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एनएच पर विचरण कर रहे पशुओं को सुरक्षित रूप से पिपरिया गौठान पहुंचाया जाए। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पशुपालकों की पहचान सुनिश्चित करने, पशुओं की नंबरिंग कराने तथा लापरवाही बरतने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चिरमिरी के 36 मोड़ सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा हेल्पलाइन नंबरों के साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलेगा

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से कोटाडोल, चिरमिरी एवं मनेंद्रगढ़ में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने, शहरों में पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करने, अवैध पार्किंग हटाने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पार्किंग संचालन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश को नियंत्रित करने, 112 आपातकालीन सेवा के साथ सभी विभागों का समन्वय बढ़ाने तथा नागपुर एवं लाई क्षेत्र में जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराने पर भी जोर दिया।

त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करते हुए संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। सावन के तीसरे एवं चौथे सोमवार को सिद्धबाबा मंदिर सहित जिले के प्रमुख मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, स्वास्थ्य विभाग एवं फायर ब्रिगेड की अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा चिरमिरी में होने वाले बड़े आयोजनों के लिए पूर्व से सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।

पर्यटन स्थलों पर नशा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसपी रत्ना सिंह ने अमृतधारा, कर्मघोंगा और रमदहा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों तथा उपद्रव फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यटन स्थलों पर किसी भी प्रकार का नशा करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बदमाशों, नशा कारोबारियों और अवैध पार्किंग पर चलेगा संयुक्त अभियान

पुलिस अधीक्षक ने नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, सभी आदतन अपराधियों एवं बदमाशों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई करने तथा आदेशों का उल्लंघन करने वालों को जेल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बिज्जू ढाबा एवं कठौतिया ढाबा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भारी चालान करने, जनकपुर में संचालित बसों की फिटनेस जांच कराने तथा आवश्यक होने पर वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए।

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

बैठक में 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। एसपी ने ढाबों में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच तथा स्कूलों के आसपास अवैध रूप से बिक रहे तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले सोमवार से एसडीएम, तहसीलदार, आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर पूरे जिले में एक साथ विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, सीएसपी चिरमिरी रवि कुमार कुजूर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, निरीक्षक मनीष धुर्वे, उप निरीक्षक विकास सिंह, तहसीलदार श्रुति धुर्वे, सतरूपा साहू, इंदिरा मिश्रा सहित राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →