📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

रेडक्रॉस की जिला शाखाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर, रायपुर में हुई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक

एमसीबी जिला शाखा ने सदस्यता अभियान, मेडिकल स्टोर और युवा इकाइयों को सक्रिय करने का रखा प्रस्ताव, लंबित राशि जारी करने की मांग

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 03, 20262 min read7 views
रेडक्रॉस की जिला शाखाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर, रायपुर में हुई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक

एमसीबी, 03 अगस्त 2026। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखाओं को अधिक सक्रिय, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा रायपुर स्थित राज्य कार्यालय में महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 01 अगस्त 2026 को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने की। बैठक में प्रदेश के सभी जिला शाखाओं के सभापति (चेयरमैन) एवं सचिव/मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले स्तर पर संचालित रेडक्रॉस की गतिविधियों की समीक्षा करना, कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना तथा आमजन तक मानव सेवा से जुड़ी योजनाओं का लाभ बेहतर ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार करना था।

बैठक के दौरान सभी जिला शाखाओं से उनके जिले में संचालित रेडक्रॉस गतिविधियों, आय-व्यय का लेखा-जोखा, उपलब्ध निधि की स्थिति, कार्यालय संचालन, कर्मचारियों की व्यवस्था, आजीवन सदस्यों की संख्या, सदस्यता शुल्क एवं अंशदान, संचालित एम्बुलेंस सेवाएं, ब्लड बैंक तथा वृद्धाश्रम जैसी जनसेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत कर समीक्षा की गई।

एमसीबी जिले का प्रतिनिधित्व जिला रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन शैलेश कुमार जैन, सचिव सह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा जिला प्रभारी गणेश यादव ने किया।

बैठक में शैलेश कुमार जैन ने एमसीबी जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने जिले में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने, जूनियर रेडक्रॉस (JRC) एवं यूथ रेडक्रॉस (URC) इकाइयों को पुनः सक्रिय करने, रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर प्रारंभ करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की रूपरेखा से राज्य शाखा को अवगत कराया। साथ ही इन योजनाओं के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं और वित्तीय चुनौतियों की जानकारी देते हुए लंबित राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह भी किया।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रबंध समिति के चेयरमैन तोमन साहू एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की महासचिव डॉ. रूपल पुरोहित ने कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य मानव सेवा की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी जिला शाखाओं को पारदर्शिता, समन्वय और सेवा भावना के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आपदा राहत कार्यों, रक्तदान, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, सामाजिक सहायता एवं अन्य मानवीय गतिविधियों में जिला शाखाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही सभी जिलों से आपसी समन्वय के साथ रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →