बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित एक जर्जर पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के वक्त पुल से गुजर रही एक यात्री बस टूटे हुए हिस्से के ठीक मुहाने पर फंस गई। गनीमत रही कि बस नदी में नहीं गिरी और उसमें सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक (कंडक्टर) के अनुसार, जैसे ही बस पुल के मध्य पहुंची, पुल का स्लैब तेज आवाज के साथ नीचे धंस गया। इस अचानक हुई घटना से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और संतुलन बनाए रखने के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यातायात पूरी तरह ठप, सड़क के दोनों ओर लगा लंबा जाम
इस हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। पुल टूटने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक के अलावा मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल और छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से सीधा संपर्क टूट गया है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे कई बसें और मालवाहक वाहन रास्ते में ही फंसे हुए हैं।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, डायवर्जन रूट इस्तेमाल करने की अपील
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने में जुटे हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही पालन करें।
