📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

नशे से दूरी ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत : श्याम बिहारी जायसवाल

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ, पोड़ीडीह एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 02, 20264 min read25 views
नशे से दूरी ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत : श्याम बिहारी जायसवाल (1/2)
1 / 2

एमसीबी/खड़गवां। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के हजारों शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लाखों युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

इसी क्रम में मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड खड़गवां अंतर्गत स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना तथा उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में नशामुक्ति विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी सभी ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।

नशे से दूरी ही सफलता की पहली शर्त : श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि "नशे से दूरी ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है। युवा यदि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित होंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।" उन्होंने कहा कि आज नशे के अनेक नए स्वरूप समाज के सामने चुनौती बनकर उभर रहे हैं। ऐसे समय में विद्यार्थियों और युवाओं को समय रहते जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चलाया जा रहा यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक युवा को नशे से दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी एवं धरोहर है। यदि युवा शिक्षा, खेल, नवाचार, विज्ञान और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री के संदेश से मिला नया संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाए और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करे।

100 सप्ताह तक चलेगा व्यापक जन-जागरूकता अभियान

कार्यक्रम में बताया गया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान आगामी 100 सप्ताह तक देशभर में निरंतर संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम, शपथ समारोह, रैलियां, संगोष्ठियां, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी निभाई। इस दौरान एक करोड़ से अधिक युवाओं द्वारा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने की जानकारी साझा की गई।

विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही नशामुक्त भारत का सपना साकार किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →