📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

चिरमिरी पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: नशीले इंजेक्शन तस्करी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

एनडीपीएस एक्ट के गंभीर प्रकरण में कार्रवाई जारी, पहले भी हो चुकी है दो आरोपियों की गिरफ्तारी; पुलिस ने दिया सख्त संदेश—नशे के कारोबारियों को नहीं मिलेगी कोई राहत

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 01, 20263 min read10 views
चिरमिरी पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: नशीले इंजेक्शन तस्करी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

चिरमिरी, 01 अगस्त 2026।

जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चिरमिरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। "नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध तस्करी एवं बिक्री से जुड़े एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार पटेल को गिरफ्तार करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 15 मार्च 2026 को हुई थी, जब मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना चिरमिरी पुलिस ने आरोपी विवेक पटेल के कब्जे से प्रतिबंधित Rexogesic (Buprenorphine) तथा Avil (Pheniramine) इंजेक्शन बरामद किए थे। जांच के दौरान आरोपी इन इंजेक्शनों के विक्रय अथवा भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 रेक्सोजेसिक एवं 150 एविल इंजेक्शन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 हजार रुपये है, जब्त किए थे।

इस मामले में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी), 27(ख), 29 एवं 67 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी को नशीले इंजेक्शन अन्य व्यक्तियों द्वारा उपलब्ध कराए जाते थे। विवेचना को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने रीतेश समुझे की संलिप्तता पाए जाने पर उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

वहीं इस प्रकरण का एक अन्य आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार पटेल, निवासी चरचा (जिला कोरिया), घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना चिरमिरी पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा गया था। इसी प्रयास के परिणामस्वरूप 31 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना चिरमिरी लाया, जहां पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार पटेल के विरुद्ध थाना बैकुंठपुर में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

चिरमिरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →