📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

नाबालिगों को वाहन नहीं, सुरक्षित भविष्य दें' : मनेंद्रगढ़ पुलिस ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में चलाया व्यापक यातायात जागरूकता अभियान

कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी, अभिभावकों के व्हाट्सएप ग्रुप में भी भेजे गए जागरूकता संदेश; नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई से कराया अवगत

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 01, 20263 min read9 views
नाबालिगों को वाहन नहीं, सुरक्षित भविष्य दें' : मनेंद्रगढ़ पुलिस ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में चलाया व्यापक यातायात जागरूकता अभियान (1/2)
1 / 2

मनेंद्रगढ़/एमसीबी, 01 अगस्त 2026।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस एमसीबी द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (DWPS), मनेंद्रगढ़ में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के लगभग 100 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी नाबालिग द्वारा मोटर वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है।

पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 199ए के अनुसार यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन के मालिक या अभिभावक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है। ऐसे मामलों में 25 हजार रुपये तक का जुर्माना, तीन वर्ष तक का कारावास तथा वाहन का पंजीयन एक वर्ष तक निलंबित किया जा सकता है। साथ ही संबंधित नाबालिग को 25 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने में भी प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, तीन सवारी नहीं बैठाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सभी यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है, जिससे अनेक लोगों का जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व पार्षद एवं जनप्रतिनिधि सरजू यादव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही जीवनभर की परेशानी बन सकती है, इसलिए विद्यार्थियों को कानून का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात की आदत अपनानी चाहिए।

जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय के अभिभावक-स्कूल व्हाट्सएप समूह में भी यातायात नियमों से संबंधित पोस्टर, संदेश एवं आवश्यक जानकारी साझा की गई, ताकि अभिभावक भी अपने बच्चों को वाहन न देने के प्रति सजग रहें और सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने का सामूहिक संकल्प लिया। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन उपलब्ध न कराएं तथा सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विवेक पाटले, थाना सिटी कोतवाली का पुलिस स्टाफ, पूर्व पार्षद एवं जनप्रतिनिधि सरजू यादव, विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती पूनम सिंह, प्राचार्य, शिक्षकगण तथा लगभग 100 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →