एमसीबी, 31 जुलाई 2026। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और अस्पताल की अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक रेणुका सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जीवन दीप समिति (जेडीएस) की बैठक में मरीजों की सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा मानव संसाधनों को सुदृढ़ करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान केल्हारी में नई डेंटल यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को दांतों के उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी।
विधायक निधि से मिलेगा सर्वसुविधायुक्त शव वाहन
विधायक रेणुका सिंह ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को देखते हुए अपनी विधायक निधि से सर्वसुविधायुक्त शव वाहन (मॉर्चरी वैन) उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस निर्णय से जरूरतमंद परिवारों को शव परिवहन की सुविधा आसानी से मिल सकेगी तथा कठिन परिस्थितियों में उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अस्पताल भवन और अधोसंरचना के विकास पर जोर
जीवन दीप समिति की बैठक में अस्पताल परिसर के समग्र विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, किचन शेड तथा अस्पताल की अधूरी बाउंड्री वॉल के निर्माण हेतु CMPHDF मद से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही DMF मद से अस्पताल में मरचुरी (शव गृह) की स्थापना की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।
अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए 64 KVA क्षमता का डीजी सेट उपलब्ध कराने हेतु शासन को मांग पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
मरीजों की सुविधा और सुरक्षा होगी बेहतर
अस्पताल परिसर को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जीवन दीप समिति मद से मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक स्थानों पर एयर कंडीशनर (एसी) लगाने तथा अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा मरीजों को अधिक आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कर्मचारियों को राहत, नई नियुक्तियों को मंजूरी
बैठक में अस्पताल में कार्यरत जीवन दीप समिति के कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए जीवन दीप समिति मद से स्टाफ नर्स एवं चौकीदार के पदों पर नई नियुक्तियां करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इन नियुक्तियों से अस्पताल में मानव संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार मिल सकेगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता
बैठक में जिला पंचायत सदस्य अनीता, विधायक प्रतिनिधि एवं मंडल अध्यक्ष केल्हारी रवि गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। चिकित्सा एवं प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम केल्हारी इंदिरा मिश्रा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश जायसवाल, जनपद सीईओ वैशाली सिंह, संस्था प्रभारी डॉ. महेश सिंह, शिशिर जायसवाल, डॉ. वासिक असदक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सीजीएमएससी के कार्यपालन अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता, सीएसईबी के कनिष्ठ अभियंता, वन विभाग के उप वनमंडलाधिकारी, थाना प्रभारी केल्हारी, बीपीएम मनेन्द्रगढ़ सुलेमान खान, चिकित्सा अधिकारी केल्हारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक में लिए गए निर्णयों से केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अधोसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा मानव संसाधनों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इन पहलों के क्रियान्वयन के बाद भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुलभ, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
