मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) ने जिले के सभी नागरिकों से सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा केवल पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का भी नैतिक दायित्व है। आमजन की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना कई बार बड़ी आपराधिक घटनाओं तथा सुरक्षा संबंधी खतरों को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के अवैध रूप से भारत में निवास करने, उसकी पहचान, रहन-सहन, गतिविधियों या ठिकाने को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह हो तो उसकी सूचना बिना किसी देरी के एमसीबी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई छोटी-सी जानकारी भी किसी बड़े अपराध, अवैध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी खतरे को रोकने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
एमसीबी जिला पुलिस द्वारा जारी जनजागरूकता संदेश में नागरिकों से विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में उसका नाम, पहचान, रहने का स्थान, संदिग्ध गतिविधियां, पहचान पत्र अथवा अन्य कोई महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो तो उसे तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस प्रत्येक सूचना का गंभीरता से परीक्षण करेगी और तथ्यों का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी नागरिक को जानकारी साझा करने में किसी प्रकार की झिझक या भय रखने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस सूचना देने वाले की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा हर सूचना पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए एमसीबी पुलिस ने 24×7 संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है, जहां किसी भी समय संदिग्ध गतिविधियों अथवा अवैध प्रवासियों से संबंधित सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि वर्तमान समय में जागरूक और सतर्क नागरिक ही समाज की सबसे बड़ी सुरक्षा शक्ति हैं। आमजन के सहयोग से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी तथा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
एसपी रत्ना सिंह ने जिलेवासियों से यह भी आग्रह किया कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय सीधे पुलिस को सूचित करें, ताकि तथ्यों का सत्यापन कर उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक और प्रमाणित सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की।
एमसीबी पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि "सतर्क नागरिक, सुरक्षित समाज" केवल एक नारा नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आपकी एक छोटी-सी सूचना देश की सुरक्षा, समाज की शांति और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की गोपनीयता हर परिस्थिति में सुरक्षित रखी जाएगी।
