मनेंद्रगढ़, 29 जुलाई।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में पृथक महिला थाना स्थापित किए जाने की मांग अब तेज होती नजर आ रही है। जिला कांग्रेस कमेटी की जिला महामंत्री पूनम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की महिला नेत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से मुलाकात कर महिला थाना स्थापना की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द महिला थाना खोले जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2022 में एमसीबी जिले के गठन के बाद से अब तक यहां पृथक महिला थाना स्थापित नहीं किया गया है। इसके कारण घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, लैंगिक अपराध, छेड़छाड़, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद तथा महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों में पीड़ित महिलाओं को सामान्य थानों में शिकायत दर्ज करानी पड़ती है। कई बार सामाजिक संकोच, असहज माहौल और गोपनीयता के अभाव के कारण महिलाएं अपनी पीड़ा खुलकर नहीं बता पातीं, जिससे उन्हें समय पर न्याय मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि किसी भी जिले की कानून-व्यवस्था तभी प्रभावी मानी जा सकती है, जब महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील एवं समर्पित व्यवस्था उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि महिला थाना केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए सुरक्षा, विश्वास और न्याय का ऐसा केंद्र है, जहां वे बिना किसी भय या झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
पूनम सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि वर्तमान पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह स्वयं एक महिला अधिकारी हैं और वे महिलाओं की समस्याओं एवं उनकी संवेदनाओं को भली-भांति समझती हैं। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं पुलिस मुख्यालय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगी तथा जिले में महिला थाना स्थापना की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगी।
उन्होंने कहा कि एमसीबी जिले की हजारों महिलाएं लंबे समय से महिला थाना स्थापित किए जाने की मांग कर रही हैं। महिला थाना शुरू होने से महिलाओं से जुड़े मामलों की त्वरित एवं संवेदनशील जांच सुनिश्चित होगी, पीड़िताओं को महिला पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी बात सहजता से रखने का अवसर मिलेगा तथा काउंसलिंग, महिला सुरक्षा और कानूनी सहायता जैसी सेवाएं भी अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।
जिला महामंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। जब तक जिले में पृथक महिला थाना स्थापित नहीं हो जाता, तब तक जनहित की यह मांग विभिन्न स्तरों पर जारी रखी जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रुक्मणी खोबरागड़े, पूर्व महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शोभना वर्मा, पूर्व पार्षद हमीदा खातून तथा पूर्व पार्षद बबीता यादव सहित कांग्रेस की कई महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
