📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव की धूम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया आत्मीय स्वागत, शैक्षणिक सामग्री वितरित कर बढ़ाया उत्साह; बोले– आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से संवरेंगे बच्चों के सपने

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 23, 20263 min read25 views
पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव की धूम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया स्मार्ट क्लास का लोकार्पण (1/2)
1 / 2

पोड़ीडीह/खड़गवां, एमसीबी।

जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) के विकासखंड खड़गवां अंतर्गत स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के पारंपरिक स्वागत से हुआ। स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों के मस्तक पर तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया और उन्हें नई शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास का विधिवत लोकार्पण कर उसे विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक से सुसज्जित यह स्मार्ट क्लास विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता, तार्किक सोच, रचनात्मकता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई गति मिलेगी।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि "शाला प्रवेशोत्सव केवल प्रवेश का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुनहरे भविष्य की नई शुरुआत का उत्सव है। शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी किसी से पीछे न रहें।"

उन्होंने कहा कि आज का दौर डिजिटल शिक्षा का है और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन्हीं विद्यालयों से निकलने वाले विद्यार्थी भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी एवं देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।

मंत्री ने अभिभावकों से भी बच्चों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और उन्हें शिक्षा के प्रति निरंतर प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार, शिक्षक और समाज की समान भागीदारी होती है तथा मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न नवाचारों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूल स्टाफ, खड़गवां भाजपा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और नवसत्र के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →