📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

दहियाडांड के जंगल में भालू का जानलेवा हमला: बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर

बीच-बचाव करने पहुंचे 65 वर्षीय हरिकांत चेरवा ने गंवाई जान, वन विभाग ने मृतक के परिजनों को ₹25 हजार की तत्काल सहायता और अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ₹6 लाख मुआवजे की घोषणा की।

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 23, 20262 min read149 views
दहियाडांड के जंगल में भालू का जानलेवा हमला: बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर

केल्हारी। वन परिक्षेत्र केल्हारी अंतर्गत दहियाडांड बीट के जंगल में मंगलवार दोपहर भालू के हमले से एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाय चराने जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान 19 वर्षीय युवक को बचाने का प्रयास कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग हरिकांत चेरवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक त्रिवेणी चेरवा (19 वर्ष), पिता जगसाय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दहियाडांड निवासी हरिकांत चेरवा और त्रिवेणी चेरवा मंगलवार दोपहर अपने मवेशियों को चराने जंगल गए थे। इसी दौरान करीब तीन बजे अचानक एक नर भालू ने त्रिवेणी पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर बुजुर्ग हरिकांत चेरवा उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में हरिकांत चेरवा गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल त्रिवेणी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पहले 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम वन परिक्षेत्राधिकारी जितेंद्र नागवंशी के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंची। टीम में वन परिक्षेत्र सहायक रामविलास भगत, वन रक्षक जीवन राम किंडो, संजय श्रीवास, थाना केल्हारी के उपनिरीक्षक टिकेश्वर यादव, जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह तथा मंडल महामंत्री राजू चेरवा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

वन विभाग द्वारा तत्काल राहत के रूप में मृतक के परिजनों को ₹25,000 की सहायता राशि तथा घायल युवक को ₹2,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वन परिक्षेत्राधिकारी जितेंद्र नागवंशी ने बताया कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद मृतक के आश्रितों को शासन के नियमानुसार ₹6 लाख की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल से लगे गांवों में भालुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →