📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद् चुनाव संपन्न, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर निभाई जिम्मेदारी

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 17, 20263 min read36 views
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद् चुनाव संपन्न, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर निभाई जिम्मेदारी (1/2)
1 / 2

मनेंद्रगढ़।संभाग के अग्रणी शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता के संवर्धन और लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहारिक रूप से आत्मसात कराने के उद्देश्य से छात्र परिषद् (स्टूडेंट काउंसिल) के लिए मतदान प्रक्रिया उत्साह, अनुशासन और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस लोकतांत्रिक आयोजन में कक्षा तृतीय से द्वादश तक के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग किया।

सुबह से ही विद्यालय परिसर में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा की और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों ने न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि सही नेतृत्व का चयन प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

विद्यालय प्रशासन ने संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। शिक्षकों एवं निर्वाचन समिति के मार्गदर्शन में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। पूरी प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की व्यवहारिक शिक्षा भी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, नेतृत्व और उत्तरदायित्व का निर्माण करने वाली संस्था भी है। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद् के चुनाव विद्यार्थियों को लोकतंत्र की वास्तविक भावना से परिचित कराते हैं तथा उनमें नेतृत्व, निर्णय क्षमता, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज के विद्यार्थी भविष्य में समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनेंगे।

विद्यालय के प्राचार्य श्री अश्वनी वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान की प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, पारदर्शिता, सेवा-भाव और उत्तरदायित्व की भावना का प्रतीक है। छात्र परिषद् चुनाव विद्यार्थियों को नेतृत्व के साथ टीमवर्क, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और मतदाताओं की गरिमामयी एवं अनुकरणीय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नव-निर्वाचित छात्र परिषद् विद्यालय में अनुशासन, नवाचार, सकारात्मक गतिविधियों और छात्र हित से जुड़े कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगी तथा विद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान निभाएगी।

मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार मतगणना की जाएगी तथा छात्र परिषद् चुनाव के परिणामों की घोषणा विद्यालय प्रशासन द्वारा शीघ्र ही की जाएगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →